23 जुलाई 2026। स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (SGSU) ने क्विक हील फाउंडेशन के सहयोग से “साइबर शिक्षा फॉर साइबर सुरक्षा – अर्न एंड लर्न कार्यक्रम (2026–27)” का शुभारंभ किया। इस अभिनव पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को सशुल्क इंटर्नशिप के माध्यम से व्यावहारिक औद्योगिक अनुभव प्रदान करना है।

यह कार्यक्रम स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. सतीश कुमार सिंहा के मार्गदर्शन में प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से क्विक हील फाउंडेशन की अध्यक्षा सुश्री अनुपमा कैलाश काटकर एवं एसोसिएट डायरेक्टर श्री अजय शिर्के के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया जिन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रतिष्ठित Earn & Learn कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। यह सहयोग विद्यार्थियों के कौशल विकास, उद्योग अनुभव तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आगे उन्होंने कहा कि यह पहल विश्वविद्यालय की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके अंतर्गत सामाजिक रूप से उत्तरदायी, उद्योग-उन्मुख तथा साइबर सुरक्षा की चुनौतियों का प्रभावी समाधान करने में सक्षम युवाओं का निर्माण किया जा रहा है।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर 20 चयनित विद्यार्थियों को “साइबर वॉरियर्स” के रूप में शामिल किया गया। ये विद्यार्थी क्विक हील फाउंडेशन के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे तथा सशुल्क इंटर्न के रूप में कार्य करेंगे। आगामी तीन महीनों में वे भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा समुदायों में साइबर जागरूकता अभियान संचालित करेंगे।

इस कार्यक्रम का लक्ष्य 25,000 से अधिक विद्यार्थियों एवं नागरिकों तक पहुँच बनाकर उन्हें साइबर खतरों, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, साइबर हाइजीन, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा डिजिटल गोपनीयता के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम की एक प्रमुख उपलब्धि “साइबर वॉरियर्स क्लब” की स्थापना रही, जो विद्यार्थियों द्वारा संचालित एक विशेष मंच होगा। यह क्लब पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान साइबर जागरूकता गतिविधियों का नेतृत्व करेगा, विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करेगा तथा जिम्मेदार डिजिटल नागरिकता को बढ़ावा देगा।

स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा, “आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए एक आवश्यक जीवन कौशल है। ‘साइबर शिक्षा फॉर साइबर सुरक्षा’ जैसी पहल विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी बोध कराती है। उद्योग-समेकित शिक्षा के माध्यम से हम ऐसे युवाओं का निर्माण कर रहे हैं, जो सीखने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं।”

स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह ने कहा, “‘अर्न एंड लर्न’ मॉडल विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। ‘साइबर वॉरियर्स’ के रूप में कार्य करते हुए विद्यार्थी न केवल साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता विकसित करेंगे, बल्कि नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

By admin