नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि केंद्र सरकार नीट पेपर लीक सहित परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी नीति बनाई जानी चाहिए।
नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान जेपी नड्डा ने विपक्ष से अपील की कि वह आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर इस महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा में भाग ले। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल किसी एक सरकार या राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश की चिंता का विषय है। इसलिए इस पर गंभीरता और ईमानदारी से विचार-विमर्श होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि संसद इस विषय पर व्यापक और गहन चर्चा के लिए सबसे उपयुक्त मंच है। नड्डा ने कहा कि चर्चा की अवधि और स्वरूप तय करने का अधिकार भी विपक्ष को दिया जा सकता है, ताकि हर पहलू पर विचार कर ठोस और प्रभावी नीति तैयार की जा सके।
जेपी नड्डा ने विपक्ष से इस मुद्दे पर अपनी जिम्मेदारी निभाने और सरकार के साथ मिलकर स्थायी समाधान की दिशा में काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस विषय पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित में निर्णय लिया जाना चाहिए।
इस दौरान नड्डा ने कांग्रेस और अन्य विपक्ष शासित राज्यों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर इस मुद्दे को लेकर चयनात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया और सवाल किया कि वे उन राज्यों की घटनाओं पर चर्चा क्यों नहीं करते।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में एक प्रेस वार्ता के दौरान 150 परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने का दावा किया था। नड्डा ने कहा कि यह जांच का विषय है और सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई देश के सामने रखेगी।